युवक नहाते समय नहर में लापता
हो रही तलाश, मामा और जीजा के साथ आया था ताड़ी पीने
संवाद न्यूज एजेंसी
जसराना। अपने मामा एवं जीजा के साथ ताड़ी पीने आया युवक पटीकरा नहर में नहाते समय लापता हो गया। इससे वहां चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस व परिवारीजन भी पहुंच गए।
फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर के गली नंबर आठ पुराना रसूलपुर निवासी युवक शहबाज खान (22) पुत्र एजाज खान अपने बहनोई इकरार निवासी पुराना रसूलपुर, मामा मुन्ना निवासी रुकनपुरा शिकोहाबाद के साथ थाना जसराना क्षेत्र के खेरिया पटीकरा क्षेत्र में होने वाली ताड़ी को पीने आया। ऑटो से लौटते समय युवक ने पटीकरा नहर में नहाने की बात कही। उसके साथ के अन्य लोग बाहर की खड़े रहे। वहीं युवक नहर में नहाने चला गया। युवक ने डुबकी लगाई तो काफी देर तक बाहर नहीं आया। युवक के काफी देर तक बाहर न आने पर अन्य लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों एवं ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश आरंभ करा दी। शाम के समय एटा से पीएसी के गोताखोर भी पहुंचे और स्टीमर से युवक को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। क्षेत्राधिकारी विनय कुमार सिंह ने कहा नहाते समय नहर में लापता हुए युवक की तलाश की जा रही है। युवक अपने रिश्तेदारों के साथ आया था।