टूंडला। घर से स्कूल जा रही 14 वर्षीय छात्रा को ईको सवार बदमाश गाड़ी में डाल ले गए। बदमाश उसे कंपनी बाग के पास छोड़कर फरार हो गए। छात्रा के मुताबिक बदमाशों ने उसे पता पूछने के बहाने रोका था। परिजन ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
एटा रोड स्थित प्रकाशानंद काॅलोनी निवासी संजू कुमार की 14 वर्षीय बेटी करिश्मा शहर के न्यू इंद्रानगर स्थित एसटी लार्ड स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे वह घर से पैदल स्कूल जा रही थी। वह तहसील से आगे मंडी समिति के पास पहुंची तभी एक सफेद रंग की ईको गाड़ी उसके पास आकर रुकी। गाड़ी सवार तीन युवकों में से एक ने उसे रोक लिया तथा पता पूछने के बहाने गाड़ी में डालकर ले गए। ईको सवार बदमाश उसे रेलवे कंपनी बाग के पास उतार कर भाग गए।
बदमाशों के चंगुल से बची छात्रा घर पहुंची तो उसने पूरी घटना परिजन को बताई। बेटी के अपहरण की जानकारी से परिजन के होश उड़ गए। परिजन ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की, लेकिन पुलिस को रेलवे परिक्षेत्र में कोई गाड़ी नहीं मिली। पुलिस घटना के पर्दाफाश करने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
वर्जन
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिर भी परिजन की तहरीर पर छात्रा के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसके साथ ही जांच शुरू कर दी है। जांच के उपरांत कार्रवाई की जाएगी। - अंजीश कुमार सिंह, थाना प्रभारी, टूंडला