शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र में रामबरात देखने गए एक 14 वर्षीय नाबालिग के साथ कुछ युवकों द्वारा मारपीट की गई। आरोप है कि युवकों ने नाबालिग को जबरन सब्जी मंडी वाली गली में ले जाकर ईंट और बेल्टों से बुरी तरह पीटा। यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एटा रोड क्षेत्र का रहने वाला 14 वर्षीय किशोर बीते 12 अक्तूबर को अपने परिवार के साथ रामबरात देखने गया था। रामबरात देखने के दौरान किशोर पास में ही पानी का पाउच लेने के लिए गया था। आरोप है कि तभी धोबी गली के रहने वाले कुछ युवकों ने उसे जबरन पकड़ लिया और मुंह बांधकर पास ही स्थित सब्जी मंडी वाली गली में ले गए। वहां आरोपियों ने ईंट और बेल्टों से उसकी जमकर पिटाई की। घटना के दौरान सब्जी मंडी से गुजर रहे एक स्थानीय दुकानदार ने किशोर को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गलतफहमी के चलते मारपीट करने की बात कही जा रही है। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। सीओ शिकोहाबाद जयबिंद गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान कराई जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।