फिरोजाबाद। दूध का सैंपल लेते खाद्य विभाग के अधिकारी।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/नारखी। दूध का नमूना लेने गई खाद्य विभाग की टीम को नारखी के गांव गढ़ी रणछोर में विरोध का सामना करना पड़ा। आरोपी युवक ने खाद्य विभाग की टीम के साथ अभद्रता करते हुए सरकारी कागज फाड़ दिए। मामला बढ़ता देख टीम को मौके से बैरंग लौटना पड़ा। टीम प्रभारी रविभान सिंह ने आरोपी के खिलाफ नारखी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
बुधवार को खाद्य विभाग के एफएसओ रविभान सिंह टीम के साथ नारखी थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी रणछोर में दूध का कारोबार करने वाले कल्लू उर्फ बलवीर सिंह के यहां पहुंचे थे। यहां एक क्विंटल के करीब दूध मिला। टीम ने दूध के नमूने को जांच के लिए भेजने के साथ ही कागजी कार्रवाई शुरु की। तभी कल्लू उर्फ बलवीर सिंह ने टीम के साथ अभद्रता करते हुए कागजों को छीन कर फाड़ दिया। इस बीच काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। टीम वहां से नारखी थाने पहुंची और पुलिस को घटना से अवगत कराते हुए कल्लू उर्फ बलवीर सिंह के खिलाफ नारखी पुलिस को तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कराया। टीम ने सांती स्थित गंगाराम और विनय दूधिया से भी दूध के नमूने लिए।
बर्फी, दूध और ब्रेड का नमूना लिया
शिकोहाबाद के लभऊआ में मिष्ठान विक्रेता रामू और मनोज की दुकान से बर्फी और दूध का नमूना लिया। टूंडला में स्टेशन रोड स्थित योगेश से दूध का नमूना लिया। उसायनी स्थित संजू सिंह दूधिया से दूध का नमूना लेने के साथ ही टूंडला टोल के पास वाहन से ब्रेड का नमूना लिया गया। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से दूध और मिष्ठान विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा।