टूंडला (फिरोजाबाद)। सर्द मौसम के साथ रेलवे की पटरियों के चटकने से रेल यातायात प्रतिदिन प्रभावित हो रहा है। बुधवार को भी कानपुर रेलखंड पर पटरी के चटकने से ट्रेनें प्रभावित रहीं।
विज्ञापन
सुबह करीब आठ बजे कानपुर रेलखंड के फफूंद रेलवे स्टेशन के समीप अप लाइन की पटरी चटक गई। इस दौरान ट्रैक मैन की नजर जब टूटी पटरी पर पड़ी तो उसने इसकी जानकारी एएसएम के माध्यम से मुख्य नियंत्रण कक्ष को दी। सूचना मिलते ही नियंत्रण कक्ष में हड़कंप मच गया। इस दौरान तेजस और राजधानी एक्सप्रेस को गुजरना था।
आनन-फानन में दोनों ट्रेनों को दो-दो मिनट का कॉशन लगाकर निकालने के निर्देश दिए गए। साथ ही मौके पर वेल्डर टीम को पटरी ठीक करने के लिए भेजा गया। मौके पर गई टीम ने टूटी पटरी को अस्थाई तौर पर ठीक करते हुए ट्रेनों का आवागमन सुचारू किया। उसके बाद ही पटरी को स्थाई तौर ठीक किया गया।