टूंडला (फिरोजाबाद)। रेलवे के कर्मचारियों व सेवानिवृत कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग एवं न्यू पेंशन स्कीम के विरोध में आंदोलन शुरू कर दिया है। मंगलवार को रेल कर्मचारियों ने बाइक रैली निकालकर सभी सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को जागरूक किया तथा 15 दिसंबर को होने वाली बैठक में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
उत्तर मध्य रेलवे के कर्मचारियों व सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों ने बाइक रैली निकालकर न्यू पेंशन को बंदकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की। बाइक रैली रेलवे अस्पताल से प्रारंभ होकर एनसीआर कालेज रोड, दीपा का चौराहा, कंपनी बाग खेल मैदान होती हुई न्यू रेलवे कॉलोनी पहुंची, वहां से पुन: विविध क्षेत्रों में होती हुई स्टेट बैंक जंक्शन शाखा पर आकर समाप्त हुई। इसके उपरांत ओचई, पीडब्ल्यूआई, एसएनटी के अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया।
रेलकर्मियों ने कहा कि न्यू पेंशन स्कीम को बंदकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग रेल कर्मचारी लंबे समय से करते आ रहे हैं। इसके बाद भी रेल कर्मचारियों की मांगों को नहीं माना जा रहा है। इसे लेकर वृहद स्तर पर बैठक आयोजित होगी, जिसमें दूसरे जिलों से भी रेल कर्मचारी भाग लेंगे। बाइक रैली में नाहरसिंह मीना, मुकेश कुमार चाहर, नेत्रपाल सिंह, राजेश कुमार मीना, अजब सिंह आदि मौजूद रहे।