फिरोजाबाद। डायलिसिस कराने वाले मरीजों की सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है। जल्द ही चार और नई डायलिसिस मशीनें शुरू हो जाएंगी। इस संबंध में सदर विधायक मनीष असीजा ने शासन को पत्र लिखा था। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शासन से अनुमति प्राप्त कर ली है। संभवत: इसी सप्ताह से मशीनों का संचालन शुरू हो जाएगा।
गत वर्ष मेडिकल कॉलेज में छह मशीनों से डायलिसिस की शुरुआत कर दी थी। हालांकि 10 मशीनें आई थी। अब मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। विधायक मनीष असीजा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने चार और मशीनों को शुरु करने की अनुमति प्राप्त कर ली है। इसी सप्ताह में मशीनों का संचालन होना शुरू हो जाएगा।
सीएमएस डॉ. आरके पांडेय ने बताया कि पहले हमें छह मशीनों का काम था, इसलिए वह मशीनें शुरू की थी। अब मरीजों की संख्या बढ़ी है तो चार और मशीनों की शुरुआत की जा रही है। शासन से अनुमति मिल चुकी है। संस्था को जैम पोर्टल के माध्यम से भुगतान किया जाएगा। एक, दो दिन में डायलिसिस की सुविधा में इजाफा हो जाएगा। मरीजों को इंतजार नहीं करना पड़ेगा।