टूंडला। जोधपुर से चलकर वाराणसी जाने वाली मरुधर एक्सप्रेस का टूंडला रेलवे स्टेशन पर इंजन फेल हो गया। इसके चलते यह ट्रेन करीब डेढ़ घंटे टूंडला रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। ट्रेन में दूसरा इंजन लगा कर गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
जोधपुर वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय शाम 7:40 बजे से करीब 20 मिनट देरी से टूंडला रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 7 पर पहुंची। 5 मिनट के ठहराव के बाद जब ट्रेन को सिग्नल दिए गए तो रेल इंजन ने काम करना बंद कर दिया। रेल चालक के काफी प्रयास के बाद इंजन में आई तकनीकी खराबी सही नहीं हो सकी। ऐसे में रेल चालक ने इंजन में आई खराबी की जानकारी नियंत्रण कक्ष को दी।
नियंत्रण कक्ष के निर्देश पर तकनीक विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। टेक्नीशियनों ने आई खराबी को सही करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। तब अधिकारियों के निर्देश पर ट्रेन में दूसरा इंजन लगाया गया। इसके बाद ही रात 9:30 बजे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन में सवार रेल यात्री परेशान रहे।
वहीं इस प्लेटफार्म पर आने वाली अवध एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर छह से गुजर गया। इस बीच अवध एक्सप्रेस से जाने वाले यात्री परेशान रहे।