- मायका पक्ष ने लगाया इलाज कराने में लापरवाही का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। रामगढ़ थाना क्षेत्र के भीकनपुर मेघपुर गांव की एक महिला की शनिवार को आगरा के एसएन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के मायका पक्ष ने ससुरालीजन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजन के अनुसार 25 वर्षीय राजवती की शादी छह साल पहले अमन कुमार से हुई थी। वह पिछले एक साल से बीमार चल रही थी। शनिवार को आगरा के एसएन अस्पताल में उपचार के दौरान राजवती की मौत हो गई। राजवती अपने पीछे एक साल की मासूम बच्ची छोड़ गई है। मृतका का मायका अरांव के गांव शादीपुरा में है। राजवती की मौत की खबर मिलते ही मायका पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। मृतका के पिता ने ससुरालीजन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उन्हें ग्रामीणों द्वारा फोन पर बेटी की मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस भी पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब मायका पक्ष के आरोपों के आधार पर पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।