शिकोहाबाद (फिरोजाहाद)। पांच बेटियों के बाद बेटे की चाहत में कानपुर जाना फड़ संचालक को महंगा पड़ गया। बेटे को कानूनी प्रक्रिया के तहत गोद दिलाने लेकर गया व्यक्ति कानपुर देहात में लापता हो गया। लापता व्यक्ति के परिजन ने फड़ संचालक एवं अन्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकोहाबाद विधानसभा के गांव कंथरी निवासी अखेराम मैनपुरी रोड पर ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके पास पांच बेटियां हैं। एक भी बेटा न होने के कारण उसने बेटे को गोद लेने की इच्छा जताई। अखेराम ने बताया कि उसके घर पर पुट्टी करने आए युवक ने उसकी मुलाकात एटा चौराहे पर रहने वाले एक व्यक्ति से कराई थी। उसने अखेराम को बताया कि कानपुर देहात के अकबरपुर में उसके परिचित के पास बेटा है। वह उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत गोद दे देंगे। अखेराम उस व्यक्ति के साथ गत 24 जुलाई को मैनपुरी चौराहे से एक गाड़ी किराए पर करके अन्य लोगों के साथ अकबरपुर पहुंच गए। अखेराम ने बताया कि वहां पहुंचकर वह व्यक्ति अपने परिचित से मिलने के लिए गाड़ी से उतरकर चला गया। सात घंटे बीतने के बाद भी वह वापस नहीं लौटा। फोन करने पर एक बार बात हुई। इसके बाद से उसका फोन भी बंद जाने लगा। ऐसे में सभी लोग वापस शिकोहाबाद लौट आए। अब लापता व्यक्ति के परिजन ने अखेराम समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की तहरीर दी है। इंस्पेक्टर अनुज कुमार का कहना है कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।