टूंडला। महाकुंभ का सीधा असर रेल संचालन पर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को अपने निर्धारित समय से चलने वाली ट्रेनें 20 घंटे तक देरी से चलीं। वहीं ट्रेनों की भारी लेट-लतीफी के चलते रेल प्रशासन ने अप व डाउन की नौ ट्रेनों को रद्द कर दिया।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर महाकुंभ जाने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। रेल प्रशासन रेलयात्रियों की सुविधा के लिए प्रतिदिन हर संभव प्रयास कर रहा है, मगर महाकुंभ की भीड़ के चलते रेल संचालन पर खासा असर पड़ रहा है। एक ओर ट्रेनें लेट हो रहीं हैं, तो वहीं काफी विलंब से ट्रेनों के चलने से ऐसी ट्रेनों को रद्द करना पड़ रहा है। इससे रेलयात्रियों की मुसीबतें लगातार बढ़ रही हैं।
रेल प्रशासन ने शुक्रवार को अप की नेताजी एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस फेयर स्पेशल, कालिंदी एक्सप्रेस प्रयागराज से कानपुर सेंट्रल तक, लिच्छवी एक्सप्रेस व डाउन की कालिंदी एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज तक, नेताजी एक्सप्रेस, हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, मूरी एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया।