करहल के शख्स ने लूटा था बाइक सवार दंपती को
एक आरोपी गिरफ्तार, लूट में प्रयुक्त बाइक, तीन अंगूठी, मंगलसूत्र और तमंचा बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद(फिरोजाबाद)। एक सप्ताह पूर्व दिनदहाड़े बाइक सवार दंपती को आमरी की पुलिया के समीप करहल के लुटेरे ने लूटा था। लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने वारदात का पर्दाफाश कर दिया। उसके कब्जे से लूटी गई तीन अंगूठी, एक मंगलसूत्र (पीली धातु), एक तमंचा और एक चोरी की बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
बृहस्पतिवार को सीओ अनिवेश कुमार ने बताया कि बुधवार देर रात थाना पुलिस डाहिनी पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। तभी आटेपुर को जाने वाली सड़क से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम संदीप निवासी स्टेट बैंक के सामने कंजड़ बस्ती कस्बा व थाना करहल, जिला- मैनपुरी बताया। उसके कब्जे से एक चोरी की बाइक और अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ ने उसने दंपती को लूटने की बात स्वीकार की। उसका साथी अतुल भागने में सफल रहा। पकड़ा गया युवक शातिर किस्म का अपराधी है। इस पर शिकोहाबाद और मैनपुरी में चोरी व लूट के मुकदमा पंजीकृत हैं।