शिकोहाबाद थाने के बाहर बैठे पीड़ित महिला और उसका बहनोई।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद(फिरोजाबाद)। बहनोई के साथ अपनी ससुराल जा रही महिला के बैग से ऑटो सवार युवक ने पांच लाख रुपये के आभूषण पार कर दिए। महिला बैग में आभूषण न पाकर हैरान रह गई। पीड़ित परिवार ने ऑटो चालक और युवक को मंगलवार दोपहर लभौआ से पकड़ लिया। पीड़ित परिजन दोनों को पकड़ कर पहले खैरगढ़ थाना ले गए। जहां से घटना शिकोहाबाद की बता कर उन्हें थाने भेज दिया।
खैरगढ़ के गांव हमीरपुर निवासी महिला संजू यादव (35) पत्नी करन सिरसागंज के गांव पिड़सरा में अपनी बहन के यहां रक्षाबंधन पर गई थी। सोमवार को पिड़सरा से अपनी ससुराल हमीरपुर के लिए चली थी। प्रतापपुर चौराहे से ऑटो में बैठ कर गांव के लिए चल दिए। चालक ने महिला के बैग को ऑटो के ऊपर रखवा दिया और दोनों को नीचे बैठा दिया। आरोप है कि महिला ने बैग ऊपर न रखने को कहा, लेकिन चालक ने कहा कोई चीज गायब हो गई तो उसकी जिम्मेदारी है। महिला ने बताया कि ऑटो के ऊपर बैठा युवक ककरारा के समीप उतर कर बीच रास्ते से ही भाग गया।
महिला को संदेह हो गया कि युवक उसके बैग से ही आभूषण लेकर भागा है। मंगलवार दोपहर महिला के परिजन ऑटो चालक और युवक को पकड़ कर खैरगढ़ थाना ले गए। वहीं पुलिस ने शिकोहाबाद की घटना बता कर थाने भेज दिया। शिकोहाबाद पुलिस ने पीड़ित द्वारा सौंपे गए युवकों को थाने बैठा दिया और मामला की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद कार्रवाई की जाएगी।