फिरोजाबाद। भाजपा ने फिरोजाबाद लोकसभा सीट को लेकर पत्ते नहीं खोले हैं। राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के साथ आम मतदाता को भी प्रत्याशियों का नाम जानने में दिलचस्पी है। स्थानीय दावेदार व नेता दिल्ली पार्टी मुख्यालयों पर टकटकी लगाए बैठे हैं। पार्टी नेतृत्व के अनुसार ओबीसी या फिर क्षत्रिय समाज के प्रत्याशी को टिकट मिल सकता है।
फिरोजाबाद में भाजपा मौजूदा सांसद चंद्रसेन जादौन की जगह नए प्रत्याशी की तलाश कर रही है। सांसद अपने बेटे की पैरवी कर रहे हैं। हालांकि उनकी संभावना को भी पार्टी से जुड़े लोग नकार रहे हैं। इसके अलावा पयर्टन मंत्री जयवीर सिंह अपने बेटे को टिकट दिलाने के लिए प्रयासरत हैं। वहीं पूर्व विधायक हरिओम यादव मुख्यमंत्री से लेकर आलाकमान तक पैरवी कर रहे हैं। उनके पुत्र विजय प्रताप छोटू, सदर विधायक मनीष असीजा जाति फैक्टर नहीं बल्कि लोकप्रियता के आधार पर टिकट मिलने की संभावना लगा रहे हैं।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मानवेंद्र लोधी के साथ ही बघेल समाज के योगेश प्रताप सिंह बघेल भी दो दिन से दिल्ली में लामबंदी में जुटे हैं। इनके अलावा पूर्व विधायक ओमप्रकाश वर्मा, पप्पू लोधी, सीमा यादव समेत कई ऐसे चेहरे हैं जिन पर पार्टी दांव खेल सकती है। ऐसे में टिकट के लिए जमकर खींचतान चल रही है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को चौंकाने के लिए जाना जाता है, ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि कहीं कोई नया ही चेहरा सामने आ जाए। क्यों कि आसपास के जो टिकट हुए हैं, उसमें एटा से राजवीर सिंह लोधे समाज से आते हैं, फर्रुखाबाद से मुकेश राजपूत का नाम आने से लोधी समाज का दावा पिछड़ता नजर आ रहा है। भाजपा सूत्रों के अनुसार सोमवार तक प्रत्याशी घोषित होने की पूरी उम्मीद है।
भाजपा के दो और सपा के तीन विधायक
लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के पास दो विधायक हैं। इनमें टूंडला से प्रेमपाल धनगर, फिरोजाबाद सदर से मनीष असीजा, जबकि शिकोहाबाद से सपा से डॉ. मुकेश वर्मा, सिरसागंज से सर्वेश यादव, जसराना से सचिन यादव हैं।