फिरोजाबाद। यूएफबीयू (यूनाइटेड फेडरेशन बैंक यूनियन्स) के आह्वान पर जिले के बैंक कर्मियों ने भी बृहस्पतिवार को हड़ताल की। एसबीआई मुख्य शाखा पर एकत्रित होकर बैंक कर्मियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। इधर, यूपी बैंक एंप्लाइज यूनियन के जिला सचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि हड़ताल के कारण बृहस्पतिवार को 250 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। उपभोक्ता धन निकासी के लिए इधर से उधर एटीएम के चक्कर लगाते नजर आए।
एसबीआई मुख्य शाखा पर प्रदर्शन करते हुए यूपीबीईयू (यूपी बैंक एंप्लाइज यूनियन) के जिला सचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि हठधर्मी सरकार बैंकों को निजी क्षेत्र में ले जाने की कोशिश कर रही है। सरकार के निर्णय का बैंक कर्मचारी व अधिकारी डटकर विरोध करेंगे। क्षेत्रीय सचिव सुधीर जैन ने कहा कि वर्ष 1969 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने निजीकरण व्यवस्था को समाप्त कर बैंकों को राष्ट्रीयकरण किया था। इसका उद्देश्य देश की अंतिम गरीब जनता के पास बैंक सुविधाओं को पहुंचाना था लेकिन यह सरकार बैंकिंग बिल संशोधन लाकर बैंकों का निजीकरण करना चाहती है। इसका हम सभी बैंक कर्मचारी पुरजोर विरोध कर रहे हैं।
आर्यावर्त ग्रामीण बैंक एसोसिएशन के समस्त कर्मचारियों ने भी हड़ताल का समर्थन किया। इस दौरान जिले की करीब 175 बैंक शाखाएं बंद रहीं। इस दौरान मुकेश बाबू, सलीम खान, शानू जैन, धर्मेंद्र, अविनाश कुमार, स्मिता वर्मा, वंदना, सरनप्रीत कौर, मनीष यादव, जितेंद्र, केपी सिंह, आरिफ खान, उत्तम कुमार, संय कुमार, भानुप्रताप सिंह, अभय प्रताप, सुरजीत कुमार, छोटेलाल आदि उपस्थित रहे।
वहीं शिकोहाबाद के बड़ा बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा पर सभी बैंकों के कर्मचारी एकत्रित हुए और नारेबाजी की गई। धरना प्रदर्शन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के संयोजक आरएस यादव के नेतृत्व में किया गया। राघव, मयंक एसबीआई, दिलीप बैंक ऑफ इंडिया, साकेत यूनियन बैंक, प्रवेंद्र सेंट्रल बैंक, आकाश, मुकेश मौजूद रहे।
आज भी बैंककर्मी करेंगे हड़ताल
यूएफबीयू (यूनाइटेड फेडरेशन बैंक यूनियन्स) के आह्वान पर बैंक कर्मचारी दो दिवसीय हड़ताल पर है। ऐसे में शुक्रवार को भी सभी बैंककर्मी हड़ताल करेंगे। सहालग के दिनों में दो दिन तक बैंक बंद होने से आम लोगों को खासी परेशानी हो रही है।