जलेसर रोड पर पान मशाला के गोदाम को सील करते खाद्य निरीक्षक
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। लॉकडाउन में गुटखा-पान मसाला की बिक्री और निर्माण को शासन ने प्रतिबंधित कर दिया है। इसके बावजूद दुकानों पर चोरी छिपे गुटखा आदि की बिक्री की जा रही है। सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिला अभिहित अधिकारी डा. सुधीर कुमार के निर्देशन में 2.50 लाख रुपये की सिगरेट और 276 किलो पान मसाला सीज कर दुकानदार का लाइसेंस निलंबित कर दिया है।
जलेसर रोड पर राजेंद्र जैन का गुटखा, सिगरेट का थोक कारोबार है। यहां गुटखा आदि की बिक्री की सूचना पर जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने टीम के साथ छापा मारा। इस दौरान एक लाख 69 हजार रुपये का तकरीबन 276 किलो पान मसाला सीज कर दिया गया। वहीं 40 किलो तंबाकू भी सीज की गई। इस दौरान 2.50 लाख रुपये मूल्य की सिगरेट को सीज कर दिया गया।
अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर ने बताया कि कारोबारी का लाइसेंस निरस्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इधर, गांव खेरिया में आटा, सूजी, दाल की कालाबाजारी करने की शिकायत पर खाद्य विभाग की टीम ने दुकानदार नेमराम की दुकान पर छापा मारा। शिकायत सही मिलने पर दुकान को सीज कर दिया गया।
फुटकर दुकानदारों पर भी होगी एफआईआर: डीईओ
फिरोजाबाद। जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने कहा यदि किसी दुकान पर पान मसाला, गुटखा बिकता मिला तो दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।