टूंडला (फिरोजाबाद)। टूंडला में लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर जो लोग घरों में रहकर कोरोना से जंग लड़ते हुए लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं, उन्होंने प्रशासन से सख्ती किए जाने की मांग की है। उन्होंने ड्रोन कैमरे से ऐसे लोगों की पहचान कराए जाने की मांग की है।
कोरोना जैसी वैश्विक महामारी को रोकने के लिए विश्व का हर देश ऐहतियात बरत रहा है। लेकिन टूंडला में लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन नहीं किया जा रहा। सुबह होते ही बाजार किराना, सब्जी, दूध, मेडिकल से लेकर अन्य दुकानें खुल जाती हैं तथा लोग खरीदारी के बहाने सैकड़ों की संख्या में झुंड बनाकर घूमने निकल आते हैं। दोपहर 12 बजे तक व शाम चार से सात बजे तक प्रतिदिन ऐसा होता है। इसके बाद गली-मोहल्लों में घूमते रहते हैं।
सामाजिक संस्था परख के उमानंद शर्मा, सचिव रविन्द्र सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए। न्यूशिवनगर निवासी राजकुमार, लाइनपार निवासी जीत सिंह धनगर ने भी मांग करते हुए कहा है कि टूंडला में लोग खाली पड़े मैदानों में क्रिकेट खेलते रहते हैं। गली-मोहल्लों में ताश, लूडो और कैरम आदि खेलते हैं। जिससे सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ जाती हैं।