टूंडला। कोरोना वायरस के कारण देश लॉकडाउन है। यातायात के संसाधन बंद कर दिए गए हैं। ऐसे में हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, गुजरात में रहकर मजदूरी करने वाले लोग पैदल ही घरों के लिए निकल पड़े हैं। पैदल चलते थक गए तो मालगाड़ी में सवार हो गए। कुछ ऐसा ही नजारा शुक्रवार को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन से बिहार की ओर जा रही मालगाड़ी जब टूंडला स्टेशन पर आकर रुकी तो देखने को मिला।
काफी संख्या में लोग मालगाड़ी के खाली बॉक्स के अंदर बैठकर भूखे-प्यासे बारिश में भीगते हुए प्रयागराज जा रहे थे। बोगी में बैठे कुछ लोगों का कहना था कि साहब हमारा तो रोजगार भी छिन चुका है। काम कहीं है नहीं। भूखे प्यासे पिछले दो दिन में हरियाणा से गाजियाबाद में पहुंचकर सड़कों पर सो रहे थे।
अब वहां रहना बहुत मुश्किल हो गया है। इसलिए मालगाड़ी में सवार होकर ही अपने घरों के लिए निकल पड़े हैं। जब ये समस्या खत्म होगी और रोजगार शुरू होगा। तब फिर से रोजीरोटी कमाने के लिए निकल पड़ेंगे।