फिरोजाबाद। लॉकडाउन के दौरान सुबह सात से 11 बजे तक मिलने वाली छूट के दौरान शहर में जगह-जगह लगने वाली सब्जी मंडियों में भीड़ इकट्ठी हो रही है। इससे निपटने के लिए नगर निगम ने डोर-टू-डोर सब्जियां बिकवाने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए दस वाहनों को नगर निगम ने किराये पर लिया है।
नगर निगम के वाहनों में रखी सब्जी लेने पर लोगों ने आपत्ति दर्ज की थी। इसके तहत नगर निगम को वाहन किराये पर लेने पड़े। इन वाहनों में सब्जी विक्रेता गल्ला मंडी से सब्जी लेकर शहर के प्रत्येक वार्ड में सब्जी बेचने के लिए जाएंगे। प्रत्येक सब्जी विक्रेता के साथ वाहन में एक नगर निगम का कर्मचारी भी तैनात रहेगा।
कोटला रोड स्थित सब्जी मंडी, बजरिया, रसूलपुर, नगला करन सिंह, सुहागनगर, रामनगर सहित अन्य स्थानों पर लगने वाली सब्जी मंडियों में सुबह 11 बजे तक खूब भीड़ एकत्रित होती है। सब्जी विक्रेता भी निर्धारित से अधिक रेट पर लोगों को सब्जी दे रहे हैं। सब्जी विक्रेताओं को सब्जी उपलब्ध कराने के लिए कुछ आढ़तियों को सब्जी मंडी में चिह्नित किया है।
सब्जी विक्रेता उन्हीं आढ़तियों से सब्जी खरीद सकेंगे, जिनको प्रशासन ने चिह्नित किया है। वह भी सब्जी विक्रेताओं को निर्धारित में ही सब्जी उपलब्ध कराएंगे। नगर आयुक्त विजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार को दस वाहनों को किराये पर लेकर कुछ वार्डों में सब्जी बिकवाने का काम शुरू करा गया है। जल्द ही अन्य वार्डों में डोर टू डोर सब्जी बिकवाने का काम शुरू करा दिया जाएगा।