फिरोजाबाद। शहरी क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के क्रियान्वयन एवं संचालन में बड़ा झोल है। सोमवार को औचक निरीक्षण के दौरान महापौर एवं नगर आयुक्त को सीनियर सिटीजन केयर सेंटर, हेल्थ एमआरएफ प्लांट के निर्माण कार्य में लेटलतीफी मिली। हेल्थ एटीएम पर ताला लटका मिला, जबकि पार्क में बने ओपन जिम की हालत खुद ही बिगड़ी मिली। इसके कई उपकरण खराब मिले।महापौर कामिनी राठौर एवं नगर आयुक्त रिषीराज सोमवार को विकास कार्यों का औचक निरीक्षण के लिए निकले। निरीक्षण के समय गांधी पार्क स्थित हेल्थ एटीएम पर ताला लटका मिला। इसी पार्क में बने ओपन जिम के उपकरण खराब मिले। पार्क से सटे भूखंड पर निर्माणाधीन सीनियर सिटीजन केयर सेंटर निर्माण कार्य में लेटलतीफी दिखी। जिस पर महापौर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कार्यदायी संस्था से पत्राचार कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। चनौरा खत्ताघर पर महापौर को 250 टीडीपी क्षमता वाले एमआरएफ प्लांट अक्रियाशील मिला। जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नाराजगी जताई।
वहीं नगर आयुक्त ने जेडएसओ संदीप भार्गव को प्लांट संचालन से जुड़े सभी कार्यों को पूरा करा सूखा व गीला कचरा प्रबंधन व पृथक्करण का काम शुरू कराने के निर्देश जारी किए। मौके पर सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद, जेडएसओ संदीप भार्गव और स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी अरविंद भारती आदि मौजूद रहे।