फिरोजाबाद जिला कारागार में शनिवार सुबह आजीवन कारावास की सजा काट रहा 65 वर्षीय कैदी बैरक के सामने टहलते समय अचानक गिर पड़ा। जेल कर्मी उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की स्थिति स्पष्ट होगी।
फिरोजाबाद जिला कारागार में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आजीवन कारावास की सजा काट रहा 65 वर्षीय कैदी बैरक के सामने टहलते-टहलते अचानक जमीन पर गिर पड़ा। जेल कर्मियों ने उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
विज्ञापन
मृतक हाजी वसीउद्दीन निवासी मोहल्ला करीमगंज, थाना रामगढ़ का रहने वाला था। वह शिकोहाबाद क्षेत्र में हुए हत्या के एक मामले में 16 जुलाई से जिला कारागार में निरुद्ध था। उसे मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई थी। शनिवार सुबह वह रोजाना की तरह बैरक के सामने टहल रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़ा।
विज्ञापन
कैदी के अचानक गिरने पर जेल प्रशासन में खलबली मच गई। जेल कर्मी उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की स्थिति स्पष्ट होगी।
मृतक वसीउद्दीन नौ भाइयों और चार बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी संजीदा बेगम, दो बेटों और चार बेटियों को छोड़ गया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।