एसडीएम जसराना को ज्ञापन सौंपते लेखपाल
- फोटो : संवाद
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले लेखपालों ने जसराना तहसील में प्रदर्शन किया। इस दौरान लेखपालों ने जबरन गांव की राजनीति में घसीटने एवं एंटी करप्शन टीम द्वारा की जा रही कार्रवाई को फर्जी बताया। प्रमुख सचिव गृह के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। लेखपालों ने कहा अगर फर्जी कार्रवाई हुई तो लेखपाल संघ आंदोलन करने को बाध्य होगा।
प्रमुख सचिव गृह के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम शिवध्यान पांडेय को सौंपते हुए उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष मनोज यादव एवं सचिव प्रबल गुप्ता ने बताया कि लेखपाल राजस्व विभाग का कर्मचारी होता है। ग्रामीण क्षेत्र में मौजूद जमीनों मामलों के विवादों के निपटारे का दायित्व लेखपाल के पास होता है।
विवाद को निपटाने पर एक पक्ष द्वारा लेखपालों पर अनावश्यक रुप से आरोप लगाने के साथ गांव की राजनीति में घसीटने का प्रयास किया जाता है। जिससे लेखपालों में असुरक्षा की भावना रहती है। वहीं एंटी करप्शन टीम द्वारा शिकायतकर्ता से मिलकर झूठी एवं मनगढ़ंत शिकायत तैयार की जाती है।
एंटी करप्शन की शह पर लोग लेखपाल की जेब में, हाथ में, वाहन में एवं घर पर जबरिया पैसा रख आते हैं। फिर टीम आकर उनको गिरफ्तार कर लेती है। टीम द्वारा कोई तथ्यों की जांच नहीं की जाती है। लेखपालों ने कहा कि महाराजगंज में लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई हुई। बाद में टीम ने स्वीकार किया कि लेखपाल ने कोई रिश्वत नहीं ली है।
लेखपालों ने मांग की जो भी व्यक्ति लेखपालों को रिश्वत देने का प्रयास करता है उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होनी चाहिए वहीं एंटी करप्शन के लिए भी विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए जाएं। इस दौरान तहसील के लेखपाल गण मौजूद रहे।