टूंडला (फीरोजाबाद)। नगला सिंघी गांव में सोमवार सुबह कच्ची दीवार गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्य दब गए। परिवार दीवार के सहारे बैठकर खाना खा रहा था। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। घायलों को एफएच मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
थाना नगला सिंघी के गांव नगला सिंघी निवासी पद्म सिंह का परिवार सुबह करीब 10 बजे घर की कच्ची दीवार के सहारे बैठकर खाना खा रहा था। परिवार के सभी लोग खाना खाने व्यस्त थे तभी दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। परिवार के पांच सदस्य दीवार के नीचे दब गये। चीख-पुकार सुन ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी को उपचार के लिए टूंडला लाया गया । पदम सिंह के पुत्र 22 साल के बेटे लालाराम को स्थिति नाजुक होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। लालाराम ने आगरा पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। शारदा देवी पत्नी पदम सिंह, विनीता (25) पत्नी टीकम सिंह, गोलू (06) पुत्र शशि कुमार और अनीता (28) पत्नी दिनेश कुमार का एफएच मेडीकल कालेज में उपचार चल रहा है।