नगर निगम में हंगामा, नारेबाजी
- फोटो : अमर उजाला
सूलपुर स्थित रेशमा धर्मकांटे के बराबर कच्ची गलियों के निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को आक्रोशित महिला-पुरुषों ने निगम पहुंचकर हंगामा किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई।
शहर कांग्रेस सेवादल कमेटी के शहर अध्यक्ष नुरुलहुदा लाला राइन के नेतृत्व में रसूलपुर के लोग नगर निगम पहुंचे। सड़क निर्माण की मांग को लेकर महिला-पुरुषों ने जमकर नारेबाजी की। रेशमा बेगम ने कहा कि रेशमा धर्म कांटे के पीछे कुछ कच्ची गलियां हैं। कच्ची सड़कों पर निकासी का साधन न होने के कारण जलभराव की स्थिति है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर महीनों से निगम के चक्कर काट रहे हैं लेकिन अधिकारी हर बार आश्वासन देकर लौटा देते हैं। नजमा बेगम ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। नुरुलहुदा लाला राइन ने कहा कि क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के लिए 16 लाख से अधिक का प्रस्ताव बन चुका है। सड़क बनाने को पैमाइश भी हो चुकी है, लेकिन टेंडर न होने के कारण कार्य नहीं हो रहा है। लोगों ने अपर आयुक्त प्रमोद कुमार, चीफ इंजीनियर जितेंद्र केन और एक्सईएन एसपी मिश्रा को भी समस्या बताई। सड़क निर्माण कराने को लेकर हॉट-टॉक भी हुई। एक्सईएन ने आश्वासन दिया कि मंगलवार को क्षेत्र का दौरा कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी यदि आठ दिन में कार्य नहीं कराया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान उमर इस्लाम, रहीस राईन, जहीरा बेगम, परवीन बेगम, नईमा, साजदा, रजिया बेगम, नर्गिस बेगम, आयशा बेगम, रेशमा, नजमा बेगम, नदीम कुरैशी, असलम आदि मौजूद रहे।