फिरोजाबाद के थाना अरांव क्षेत्र के ग्राम चंदपुरा में रविवार रात दिवाली का पर्व मातम में बदल गया। टशनबाजी और पुरानी रंजिश के चलते खानदान के ही एक पक्ष ने दिल्ली से पर्व मनाने घर आए एक श्रमिक की रक्षाबंधन पर दी धमकी को पूरा करते हुए कुल्हाड़ी, लाठी-डंडों और ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर निर्मम हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए मृतक के बेटे के पैर तोड़ दिए गए और पत्नी को भी गंभीर चोटें आईं। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
ग्राम चंदपुरा निवासी 48 वर्षीय रूप सिंह दिल्ली के मीठेपुर में अपने परिवार के साथ किराए पर रहते थे और बिल्डिंग तोड़ने का काम करते थे। परिवार में पत्नी अनीता, बेटी खुशी और तीन बेटे वीरू, अभि व कोयल हैं। रूप सिंह दिवाली का पर्व मनाने के लिए गत पांच नवंबर को अपने गांव आए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे पहले ही 26 अक्टूबर को गांव आ गए थे।
मृतक की पत्नी अनीता देवी ने बताया कि रविवार रात करीब 8:30 बजे दिवाली पूजन के बाद रूप सिंह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित अपने जेठ धनपाल सिंह के घर पैर छूने के लिए जा रहे थे। रास्ते में मुख्य आरोपी हरिओम ने अपने सगे भाई लच्छी, रवि और चचेरे-तहेरे भाई सोनू, हर्ष, गिरिशचंद, ओमपाल, जनवेद, भीमसेन, जितेंद्र और राजीव के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया और गालियां देने लगे। जब रूप सिंह ने इसका विरोध किया तो सभी ने मिलकर उन पर लाठियां बरसानी शुरू कर दीं और कुल्हाड़ी से वार कर दिया।
शोर मचाने पर आरोपियों ने उन्हें ईंट-पत्थरों से कूंचकर मरणासन्न हालत में छोड़ दिया और फरार हो गए। बीच-बचाव में उन्हें व बेटे वीरू पर भी हमला किया। बेटे का पैर तोड़ दिया है और अनीता की पीठ पर लाठियां मारीं। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। ग्रामीण और परिवार के अन्य लोग शोर शराबे पर आए और पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने पति रूप सिंह को मृत घोषित कर दिया।
11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। गांव में सनसनी फैल गई। आरोपी व उनके परिवार की महिलाएं, बच्चे भी घरों पर ताले डालकर फरार हो गए। मृतक के भतीजे सचिन की तहरीर पर थाना अरांव में हरिओम समेत सभी 11 नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या और बलवे की प्राथमिकी दर्ज की गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा गया।
सभी आरोपी अपने घरों पर ताला डालकर फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस जुटी है तथा सुराग लगाने के लिए कुछ रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है। वारदात के पीछे कुछ स्पष्ट रूप से जमीनी, रूपयों की रंजिश सामने नहीं आई है। बल्कि यह मामला खानदान के दो पक्षों के बीच की टशनबाजी, मनमुटाव का है। -चंचल त्यागी, सीओ सिरसागंज