फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के किशननगर स्थित कबाड़े के गोदाम में काम करने वाले श्रमिक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने साथ काम करने वाले श्रमिकों को भी हिरासत में ले लिया है।
थाना दक्षिण के नालबंद चौराहा उर्वशी रोड निवासी फुरकान का थाना रसूलपुर के किशननगर गली नंबर तीन में कबाड़े का गोदाम संचालित है। गोदाम पर बिहार जिला मोतिहारी थाना निहासी के थाना कटहा निवासी संदेश माझी (22) पुत्र मान सिंह माझी काम करता था। उसके साथ बिहार के मनीष, चंदन एवं शंकर भी काम करते हैं।
श्रमिकों की मानें तो चारों काम करने के साथ रात में कबाड़े के गोदाम में सोते थे। बुधवार को सुबह करीब पांच बजे जब श्रमिकों की आंख खुली तो संदेश को पानी से भरे ड्रम में उल्टा पड़ा पाया। उन्होंने तत्काल थाना पुलिस को सूचना दी। एसएचओ रामगढ़ बीडी पांडेय ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने संदेश के साथ काम करने वाले तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि श्रमिक की पानी से भरे ड्रम में गिरने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।