टूंडला। आगरा हाईवे पर ट्रैक्टर-ऑटो भिड़ंत में घायल हुए ऑटो सवार घायल मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना नारखी क्षेत्र के गांव भोडेला निवासी शेर मोहम्मद उर्फ शेरा गत रविवार को सुबह 11 बजे ऑटो में बैठकर आगरा काम करने जा रहा था। ऑटो आगरा हाईवे स्थित मोहम्मदाबाद स्थित फुट ओवरब्रिज के पास पहुंचा था तभी पीछे से तेजगति से ईंटों से भरे ट्रैक्टर ने उसमें टक्कर मार दी थी। हादसे में ट्रैक्टर की टक्कर से ऑटो पलट गया था। मौके पर पहुंचे लोगों ने एम्बुलेंस से घायल शेर मोहम्मद को जिला अस्पताल भेज दिया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक शेर मोहम्मद के भाई आस मोहम्मद ने ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।