टूंडला (फिरोजाबाद)। रेलवे प्रशासन की ओर से प्रयागराज मंडल में कोरोना वायरस से बचाव के लिए सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहे हैं। वातानुकूलित कोचों को कूलिंग से पहले हीटिंग मोड में ले जाकर 30 मिनट तक उसका तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और फिर 25 डिग्री तक स्थित रखा जाएगा।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी सुनील गुप्ता ने बताया कि ट्रेनों के एसी कोचों को सैनिटाइज किया जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे ने निर्णय लिया है कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए 31 मार्च तक वातानुकूलित कोचों में यात्रियों को कंबल नहीं दिए जाएंगे। सिर्फ चादर ही दी जाएंगी।
आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को अतिरिक्त चादर दी जाएगी। प्रयागराज मंडल की प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस, श्रमशक्ति एक्सप्रेस आदि गाड़ियों के वातानुकूलित कोचों में यात्रियों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
साथ ही पर्दों को भी हटाया जा रहा है। यात्रियों को किसी तरह की कोई असुविधा न हो, इसका ध्यान रखते हुए वातानुकूलित कोचों का तापमान 25 डिग्री पर स्थिर रखा जाएगा, जिससे यात्रियों को कंबल की आवश्यकता ही न पड़े।
विशेष परिस्थिति में यात्री अपनी सुविधानुसार यात्रा के दौरान अपने साथ अपना स्वयं का कंबल रख सकते हैं। कोचों के प्रवेश द्वार पर लगे हैंडल, टॉयलेट के नल व सीट के आसपास कीटनाशक का छिड़काव कर उच्च स्तरीय सफाई की जा रही है।
गार्ड व ड्राईवर लॉबी में हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा रह है। मंडल के सभी स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से कोरोना वायरस से बचाव के लिए यात्रियों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
प्रयागराज मंडल के अंतर्गत प्रयागराज व कानपुर सेंट्रल स्टेशन के अतिरिक्त अन्य सभी प्रमुख स्टेशनों पर कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों को रखने के लिए क्यूरेनटाइन वार्ड भी बनाया है।