चलती रोडवेज बस से कार सवार बदमाशों ने युवक को किया अगवा, मुकदमा दर्ज
पुलिस ने कहा रुपयों के लेनदेन का है मामला, दोनों आपस में हैं रिश्तेदार
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। आगरा से रोड़वेज बस का पीछा कर रहे कार सवारों ने प्रतापपुर चौराहे के समीप बस को रुकवा कर उसमें सवार युवक को नीचे उतार लिया और कार में डाल कर अपने साथ ले गये। मध्य रात्रि में घटित हुई इस घटना से रोडवेज बस में सवार यात्री घबरा गए। परिचालक ने घटना की जानकारी डायल 112 पर दी। पुलिस ने अगवा किए युवक को बरामद करते हुए कार और चार लोगों को हिरासत में ले लिया।
बृहस्पतिवार की मध्य रात लगभग डेढ़ बजे के करीब रोडवेज बस से आगरा से कमालगंज फर्रुखाबाद के लिए कुछ लोग बैठे। बस में सवार एक व्यक्ति के लिए आगरा से ही एक कार सवार कुछ लोग पीछे लग गए। जैसे ही बस प्रतापपुर चौराहे के समीप पहुंची। तभी कार सवारों ने बस को रुकवा कर उसमें बैठे व्यक्ति को उतार लिया और कार में डाल कर अपने साथ ले गये। सूचना मिलते ही थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति को दिखतौली से बरामद कर लिया। पुलिस ने वह कार भी जब्त कर ली, जिससे उसे ले जाया गया था। इस दौरान पुलिस ने अफरोज, जीशान, इमरान और फजल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि दिखतौली व कमालगंज के लोग आपस में रिश्तेदार हैं। सभी लोग चेन्नई तमिलनाडु में काम करते हैं। रात में बस से आ रहे थे। तभी कमालगंज के एक व्यक्ति को बस से उतारकर ले गए। मामला 15 हजार रुपये के लेनदेन का है।