फिरोजाबाद। करवाचौथ पर्व के लिए महिलाओं ने देर रात तक खरीदारी की। सबसे ज्यादा भीड़ सौंदर्य प्रसाधन, पार्लर और ज्वेलरी की दुकानों पर दिखी। पति भी आकर्षक तोहफा लेने के लिए बाजार पहुंचे।
करवाचौथ का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा। महिलाओं ने मंगलवार को हाथों पर मेंहदी लगवाई। सुबह से ही दुकानों के सामने स्टाल लगाकर मेंहदी लगाने वाले युवक व्यस्त रहे। सिर्फ बाजार ही नहीं, मोहल्लों, गलियों में भी घर-घर जाकर मेंहदी लगाई। महिलाओं ने कपड़े और कॉस्मेटिक सामान की खूब खरीदारी की। साड़ियां, सूट और गाउन खरीदने के लिए उत्साह छाया रहा। पति भी पत्नी के लिए खरीदारी में मदद करते दिखे।
आकर्षक दिखने की चाह में इंतजार
ब्यूटी पार्लर पर दिनभर फेशियल आदि करवाने के लिए महिलाओं की भीड़ लगी रही। सुबह से ही महिलाएं पार्लर पहुंच गई थी। जिन महिलाओं ने बुकिंग नहीं की थी। उन्हें अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा। ब्यूटीशियन कल्पना जैन ने कहा कि अब पार्लर पर महिलाओं की संख्या बढ़ी है। कोरोना के कारण कई महिलाओं ने घर पर ही साज शृंगार के लिए बुकिंग कराई है।
करवा, कैलेंडर की बिक्री हुई
पूजा के लिए मिट्टी के करवा के अलावा धातु के करवे की खरीदारी हुई। इसके अलावा कलेंडर, चलनी और अन्य सामान भी खरीदा गया। शास्त्री मार्केट में सबसे ज्यादा भीड़ रही। डिजाइन छलनी और करवा की विक्री हुई।
गहने की दुकानें रही गुलजार
करवाचौथ पर सुहाग के सामान के रूप में बिछिया, पायल लेने के लिए महिलाओं की भीड़ रही। वहीं, पति भी अपनी पत्नी को करवाचौथ पर उपहार देने के लिए पहले से बुकिंग कराई ज्वैलरी को लेने पहुंचे। मंगलसूत्र, अंगूठी, ब्रासलेट, कुंडल सहित अन्य आभूषण खरीदे गए।