फिरोजाबाद। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के तत्वावधान में समस्त अवर अभियंताओं का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी रहा। अवर अभियंता समस्त अधीक्षण अभियंता कार्यालय लेबर कॉलोनी पर एकत्रित हुए। कार्य बहिष्कार से विद्युत विभाग का चेकिंग अभियान ठप पड़ा हुआ है।
संगठन के मंडल अध्यक्ष डीके राजपूत ने कहा कि उत्तर प्रदेश ऊर्जा निगम कार्यरत कार्मिकों जीपीएफ एवं सीपीएफ राशि की सुरक्षा की गारंटी का गजट नोटिफिकेशन जारी करे अन्यथा यह हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत उत्तर प्रदेश ऊर्जा निगम के महाघोटाले प्रकरण की पारदर्शी जांच कराई जाए। साथ ही विभिन्न ट्रस्टों में संचित धनराशि रखने का श्वेत पत्र जारी कराया जाए। बोर्ड ऑफ ट्रस्ट का विधि पुनर्निर्माण कर पारदर्शी संचालन किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाध्यक्ष अहमद हुसैन ने कहा कि प्रदेश ऊर्जा निगम के कार्मिकों के सीपीएफ एवं जीपीएफ खाते की अद्यतन स्थिति कॉरपोरेशन की वेबसाइट पर अपलोड हो। विरोध सभा में सचिव इंजीनियर अनुज भारद्वाज दक्षिणांचल के अध्यक्ष इंजीनियर राजवीर सिंह, क्यामुद्दीन खान, अभिषेक कुमार, बबलू गौतम, मनीष कुमार, सत्येंद्र कुमार, अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।