जसराना (फिरोजाबाद)। कस्बे में फरिहा रोड पर सोमवार को एक सराफा व्यापारी के बेटे के साथ दिनदहाड़े मारपीट और अपहरण का प्रयास किया गया। आरोप है कि दो कारों में सवार होकर आए 7-8 हमलावरों ने स्कूटी रोककर युवक को जबरन गाड़ी में खींचने की कोशिश की। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद युवक की दादी और आसपास के लोगों के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त पनप गया और कोतवाली पहुंच गए।
कस्बे के सराफा व्यापारी सुनील कुमार वर्मा का बेटा कृष्णा सिंह अपनी दादी को स्कूटी पर बैठाकर फरिहा रोड स्थित मां दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करने गया था। पूजा संपन्न करने के बाद जब दोनों वापस अपने घर लौट रहे थे तभी रास्ते में एक काले रंग की कार ने उनकी स्कूटी के आगे गाड़ी अड़ाकर उनका रास्ता रोक दिया। इसके ठीक पीछे एक अन्य कार भी आ रुकी।
आरोप है कि दोनों गाड़ियों से लगभग 7 से 8 लोग नीचे उतरे और कृष्णा सिंह के साथ गाली-गलौज कर पीटना शुरू कर दिया। हमलावरों ने उसकी स्कूटी भी गिरा दी और उसे जबरन अपनी गाड़ी में डालकर अपहरण करने का प्रयास किया।
अचानक हुए हमले से कृष्णा की दादी घबरा गईं। उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के तमाम ग्रामीण और राहगीर मौके की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख और भीड़ इकट्ठा होते देख आरोपी युवक को मौके पर ही छोड़कर अपनी दोनों कारों में सवार होकर भाग गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।
कोतवाली पहुंचे व्यापारी, कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही कस्बे के तमाम व्यापारी और व्यापार मंडल के पदाधिकारी आक्रोशित होकर कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। व्यापार मंडल अध्यक्ष नवीन शिवहरे ने कड़े शब्दों में कहा कि व्यापारी के परिवार के साथ इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया, तो उच्चाधिकारियों से मुलाकात कर आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस बोली- पारिवारिक विवाद का मामला, जांच जारी
सीओ जसराना प्रेमप्रकाश पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कृष्णा सिंह और उसकी पत्नी के बीच रविवार को विवाद हुआ था। व्यापारी के परिजन इस घटना में पत्नी के मायके पक्ष के लोगों पर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस को इस संबंध में तहरीर प्राप्त हो चुकी है और सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।