मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपते अवर अभियंता। स्त्रोत: जेई
फिरोजाबाद। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा ट्रांसफॉर्मरों की खराबी पर अवर अभियंताओं पर की गई कार्रवाई के खिलाफ अभियंता संघ ने नाराजगी जताई है। संगठन ने इसे एकतरफा और अन्यायपूर्ण बताते हुए मुख्य अभियंता से कार्रवाई को तत्काल वापस लेने की मांग की है।
अभियंता संघ का कहना है कि विभाग में संसाधनों और मैनपावर की कमी है। उप केंद्रों पर मानक के अनुसार कर्मचारी नहीं हैं। मौजूदा स्टाफ सीमित संसाधनों में ही राजस्व वसूली, कनेक्शन काटने और ब्रेकडाउन सुधारने जैसे काम कर रहा है। ऐसे में ट्रांसफॉर्मर खराबी के लिए अभियंताओं को दोष देना पूरी तरह गलत है। संगठन के मुताबिक अनुरक्षण कार्य के लिए जरूरी सामग्री जैसे कि लग, क्लैम्प, फ्यूज वायर, एलटी केबल, ट्रांसफॉर्मर ऑयल तक उपलब्ध नहीं हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में तो स्थिति और भी खराब है। इसके अलावा, कई बार रिपेयर ट्रांसफॉर्मर भी घटिया गुणवत्ता के होते हैं, जिससे वे बार-बार खराब होते हैं।
ज्ञापन देने वालों में जेई लोकेंद्र पाठक, दिनेश शर्मा, बबलू गौतम, विशाल कुमार, राहुल कुमार, सर्वेंद्र कुमार यादव, अवनीश कुमार, राजेश पाल, डोडी लाल, मुन्ना बाबू, अमर राज, मोहित उपस्थित रहे।