शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के भूढ़ा भरतरा गांव के माता मंदिर तिराहा पर रिश्वत जेई को गाड़ी में डालत
- फोटो : शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के भूढ़ा भरतरा गांव के माता मंदिर तिराहा पर रिश्वत जेई को गाड़ी में डालती एंटी करप्शन की टीम। संवाद
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के भूढ़ा भरतरा गांव के माता मंदिर तिराहा से बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर राजेश कुमार और संविदा कर्मी लाइनमैन जयप्रकाश को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों बुधवार को एंटी करप्शन आगरा की टीम ने गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई देर रात तक जारी रही। आज इनको एंटी करप्शन कोर्ट आगरा में पेश किया जाएगा।
एंटी करप्शन आगरा के इंस्पेक्टर संजय यादव ने बताया कि नौशहरा निवासी नीरज कुमार के खिलाफ बिजली चोरी का एक मामला दर्ज था, जिसमें उन पर 21 हजार रुपये करीब का समन शुल्क बन रहा था। नौशहरा फीडर पर तैनात जेई राजेश कुमार निवासी मैनपुरी शहर और संविदा कर्मी लाइनमैन जयप्रकाश निवासी पृथ्वीपुर, करहल, मैनपुरी ने इस मुकदमे को रफा-दफा करने के बदले नीरज से 70 हजार की मांग की। परेशान होकर नीरज ने 16 जनवरी को आगरा एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को जैसे ही नीरज ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये आरोपियों को थमाए, पहले से तैयार एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई जारी है। इंस्पेक्टर संजय यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हो रहा है। इन दोनों को बृहस्पतिवार को आगरा की विशेष एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाना तय है।