जसराना में लापरवाही बरतने पर एसएसआई निलंबित
- फोटो : अमर उजाला
एसएसपी अशोक कुमार ने थाना जसराना का निरीक्षण किया। पुलिस ने खामियों को छुपाने का प्रयास किया, लेकिन एसएसपी की नजरों से बच नहीं पाईं। सफाई व्यवस्था में खामी मिलने के साथ गारद की सलामी में कमियां मिलीं। वहीं हथियारों के अधूरे ज्ञान पर एसएसपी ने सभी की जमकर क्लास ली। इस पर उन्होंने एसएसआई जसवीर सिंह को निलंबित कर दिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी अशोक कुमार ने गारद की सलामी ली। सलामी के बाद एक पुलिसकर्मी के कपडे़ सही न मिलने पर उसे चेतावनी जारी की। हथियारों की ठीक से सफाई न होने पर थाना पुलिस की जमकर क्लास लगाई। रायफल एवं रिवाल्वर चलाने के तरीकों के बारे में दरोगाओं से पूछताछ की। रिवाल्वर की रेंज के बारे में पूछने पर अधिकांश दरोगाओं के अलग-अलग जवाब सुनकर एसएसपी भौंचक रह गए। मालखाने के निरीक्षण के दौरान वहां गंदगी एवं जाला लगा मिला। वहीं टूटी पड़ी बाइक एवं अन्य वाहनों के बारे में पुलिस को जानकारी न होने पर फटकार लगाई। थाने के पीछे कूड़ा न जलाने की हिदायत दी तो थाने के पीछे की जमीन पर बाउंड्री कराने का आदेश दिया। रसोईघर के निरीक्षण में टीनशेड पर मिली गंदगी ने एसएसपी के पारे को हाई कर दिया। एसएसपी अशोक कुमार ने कहा कि सफाई व्यवस्था खराब मिली है सुधारने के निर्देश दिए हैं। विभागिय खामियों को दूर करने के निर्देश देते हुए एसएसआई जसवीर सिंह को निलंबित कर दिया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी शमशेर सिंह थाना प्रभारी लोकेंद्रपाल सिंह, एसएसआई, एसआई एवं थाने का स्टाफ मौजूद था।