फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र के लक्ष्य फार्म हाउस के बाहर जाखई के प्रधान सोमप्रकाश को सोमवार रात गोली मारे जाने के मामले में पुलिस की जांच अब घाव और वारदात के तरीके पर उलझ गई है। इधर, आरोपी भतीजा ललित भी फरार है। पुलिस कई तकनीकी पहलुओं पर इस मामले में अब जांच कर रही है।
नारखी थाना क्षेत्र के ग्राम नगला सौंठ के निवासी प्रधान सोम प्रकाश ने अपने भतीजे ललित पर रंजिश के तहत गोली मारने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। लेकिन पुलिस की प्रारंभिक जांच में कुछ तकनीकी पेंच फंस रहे हैं। अस्पताल में उपचार के दौरान प्रधान की पीठ पर जो घाव पाया गया है, उसे लेकर पुलिस और चिकित्सक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। डॉक्टरों के मुताबिक घाव की प्रकृति सीधे तौर पर गोली लगने जैसी प्रतीत नहीं हो रही है। पुलिस इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि क्या यह वास्तव में गोली का घाव है या किसी अन्य नुकीली चीज से किया गया वार है। पुलिस यह भी देख रही है कि जिस जगह वारदात हुई, वहां से कोई खोखा या कारतूस बरामद हुआ है या नहीं। हालांकि घटना की पूरी तस्वीर अभी साफ नहीं है, लेकिन प्रधान द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस आरोपी भतीजे ललित की तलाश में जुटी है।
मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। प्रधान की पीठ पर मिले घाव की प्रकृति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, जिसकी डॉक्टरी जांच कराई जा रही है। आरोपी फरार है, उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
- रविशंकर प्रसाद, एसपी सिटी