अतिथिगृह संचालक और पुत्र भेजे गए जेल
- मैनेजर का काम संभालता था पुत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। शीतल खां रोड स्थित जीसी जैन अतिथिगृह के संचालक सुनील जैन और उसके पुत्र प्रिंस जैन को पुलिस ने छापे के दौरान हिरासत में लिया था। बृहस्पतिवार देर रात पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को जेल भेज दिया।
रसूलपुर क्षेत्र के मोहल्ला ओमनगर निवासी सुनील कुमार जैन का शीतल खां रोड पर जीसी जैन अतिथिगृह है। यहां पर युवक और युवतियों को कमरे पांच सौ रुपये प्रति घंटे के हिसाब से उपलब्ध कराई जाते थे। बृहस्पतिवार को रसूलपुर पुलिस ने अतिथि गृह पर छापा मारा तो होटल के अंदर से पांच युवतियों अलग अलग कमरे में मिली। वहीं चार युवकों को पुलिस ने हिरासत में लेेते हुए होटल मालिक सुनील जैन व उसके पुत्र प्रिंस जैन को भी हिरासत में ले लिया था। युवतियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें परिजनों को सौंप दिया। वहीं पकड़े गए युवकों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई। कार्यवाहक थानाध्यक्ष शिवभान सिंह राजावत ने बताया कि आरोपी सुनील जैन और उसके पुत्र प्रिंस जैन के सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ ही अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया है।