बिना मान्यता चल रही थीं, स्कूलों को नोटिस जारी
संवाद न्यूज़ एजेंसी
फिरोज़ाबाद। जिलाधिकारी के आदेश पर गठित विशेष जांच टीम ने शुक्रवार को जनपद के अरांव क्षेत्र अंतर्गत तीन स्कूलों में छापा मारकर वहां संचालित अमान्य कक्षाओं को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया। कार्रवाई के दौरान टीम को तीनों ही स्कूलों में मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित मिलीं। संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी कर दिया गया है।
जांच की शुरुआत ब्रह्मदेव स्कूल, बहादुरपुर से हुई। यहां टीम को कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होती मिली, जबकि स्कूल के पास केवल कक्षा 1 से 5 तक की ही मान्यता थी। नियमों का खुला उल्लंघन पाते हुए टीम ने इन सभी कक्षाओं को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया।
इसके बाद टीम ने रैपिड इंटरनेशनल अकेडमी में जांच की, जहां कक्षा 1 से 5 तक की कक्षाएं संचालित हो रही थीं, लेकिन विद्यालय प्रबंधन मान्यता संबंधी कोई वैध दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं कर सका। ऐसे में इन कक्षाओं को भी बंद करने का आदेश जारी किया गया।
तीसरी कार्रवाई सैनिक इंटर कॉलेज, बहादुरपुर में हुई, जहां प्राथमिक कक्षाएं (कक्षा 1 से 5) संचालित थीं। जांच में पाया गया कि इस स्तर की पढ़ाई के लिए विद्यालय के पास कोई मान्यता नहीं थी। तत्काल प्रभाव से इन कक्षाओं को भी बंद कर दिया गया और स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आशीष पांडेय ने कहा कि जिलाधिकारी महोदय के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। जांच में जो खामियां पाई गईं, उन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।