फिरोजाबाद ! कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधुओं के साथ बैठक करते डीएम
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शहर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम एवं औद्योगिक संगठन मिलकर काम करेंगे। सदर ब्लॉक के समीप नाला तिराहे का चौड़ीकरण कराया जाएगा। जिला उद्योग बंधु की बैठक में डीएम ने विकास कार्यों के बाबत संबंधित अधिकारियों को निर्देश एवं औद्योगिक संगठनों से सहयोग की अपेक्षा की। इस दौरान डीएम ने औद्योगिक आस्थान में सफाई व विद्युतीकरण से जुडे़ कार्यों को पूर्ण कराने में लापरवाही मिलने पर यूपीसीडा के जेई व बिजली अफसरों से नाराजगी जताई।
डीएम चंद्र विजय सिंह ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में उद्यमियों के साथ जिला उद्योग बंधु की बैठक की। बैठक में शहर के प्रमुख चौराहों पर सौंदर्यीकरण से जुडे़ कार्य पूर्ण कराने पर सहमति बनी। नगर निगम और प्रमुख औद्योगिक संगठन प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए मिलकर काम करेंगे। सौंदर्यीकरण में सहयोग करने वाले औद्योगिक संगठनों के नाम भी चौराहों पर चस्पा होंगे।
डीएम ने औद्योगिक आस्थान में विद्युतीकरण एवं सफाई कार्यों की धीमी प्रगति एवं लापरवाही पर यूपीसीडा के अवर अभियंता एसके वर्मा एवं बिजली विभाग के एक्सईएन ग्रामीण से खासी नाराजगी व्यक्त की। साथ ही सुधार नहीं होने पर दोनों के खिलाफ उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट देने की चेतावनी दी गई। बैठक में सदर ब्लॉक के समीप तिराहे के चौड़ीकरण पर भी चर्चा की गई। इस दौरान औद्योगिक आस्थानों के इर्द-गिर्द अतिक्रमण की समस्या के निदान के लिए डीएम ने पुलिस, उद्योग विभाग और निगम अफसरों को जरूरी निर्देश दिए।
डीएम ने यूपीसीडा के आस्थान में रखरखाव शुल्क की वसूली के लिए जिला पंचायत एवं यूपीसीडा अफसरों को रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए। एडीएम अभिषेक सिंह, अपर नगर आयुक्त संतोष कुमार, उपायुक्त उद्योग अमरेश पांडे, एलडीएम प्रदोष पुंडीर, औद्योगिक संगठनों की ओर से राजकुमार शर्मा, उद्योग बंधु अनिल मैनेजर, पवन कुमार, शैलेद्र कुमार आदि मौजूद रहे।