एका (फिरोजाबाद)। चोरी का खुलासा न होने व व्यापारियों से अभद्रता करने पर बाजार बंदकर दुकानदारों ने शनिवार को थाने के गेट पर धरना दिया था। सीओ और एसडीएम के आश्वासन पर धरना समाप्त करा दिया था। रविवार को काली पट्टी बांधकर विरोध जताने से पहले थाना पुलिस ने दरोगा के स्थानांतरण की जानकारी दी। साथ ही चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वासन भी दिया है।
कस्बे में बीते दिनों थाने से चंद कदम की दूरी पर एक परचून की दुकान में चोरी की घटना और उसके बाद व्यापारियों से दरोगा द्वारा की गई अभद्रता को लेकर भड़का आक्रोश अब शांत हो गया है। शनिवार को समाजसेवियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन किया था। व्यापारियों की मांग के अनुरूप सीओ के साथ एसडीएम जसराना पुष्पेंद्र सिंह के आश्वासन पर व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया था। रविवार सुबह जानकारी न होने पर व्यापारियों नेताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध करने की चेतावनी दी थी। थानाध्यक्ष ने मौके की गंभीरता को समझते हुए व्यापारियों से संवाद स्थापित किया और उन्हें बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभद्रता के आरोपी दरोगा शिवांग तोमर का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण थाना नसीरपुर कर दिया गया है। साथ ही चोरी के मामले का शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन भी दिया गया।
व्यापारी नेता आशू शर्मा ने कहा कि अब कस्बे में माहौल शांतिपूर्ण है और व्यापारिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। सीओ जसराना अमरीश कुमार ने बताया कि व्यापारियों से अभद्रता करने के मामले में दरोगा का स्थानांतरण किया गया है। साथ ही चोरी की घटना का भी जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।