फिरोजाबाद। राजकीय इंटर कॉलेजों में अब बच्चों को तकनीकी शिक्षा का एक नया अवसर मिलेगा। यहां के विद्यार्थी वैज्ञानिक और इंजीनियर बनेंगे। जिले के राजकीय इंटर कॉलेज नसीरपुर और टूंडला में अटल टिंकरिंग लैब का निर्माण अब पूरी तरह से पूरा हो गया है। जल्द ही इन्हें प्रशिक्षण मिलना शुरु हो जाएगा। अन्य कॉलेजों में भी यह लैब स्थापित करने की तैयारी है।
प्रत्येक लैब में 10 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक उपकरण स्थापित किए गए हैं, जो छात्रों को रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य उभरते हुए तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षित करेंगे। विभाग का मानना है कि इन लैब्स से राज्य के सरकारी विद्यालयों के छात्रों को तकनीकी क्षेत्र में अपार संभावनाओं की खोज होगी। वे रोबोटिक्स, एआई, 3डी प्रिंटिंग और अन्य नए क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करेंगे, जो भविष्य में उनके कॅरिअर की दिशा तय करेंगे।
जिला समन्वयक सोनवीर सिंह ने बताया कि अटल टिंकरिंग लैब के निर्माण का उद्देश्य छात्रों को प्रेक्टिकल ज्ञान और तकनीकी शिक्षा देना है। अब हमारे विद्यालयों में बच्चे केवल किताबों से बाहर की दुनिया को समझ सकेंगे। इन लैब्स में बच्चों को रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों में न केवल सैद्धांतिक ज्ञान मिलेगा, बल्कि वे इन तकनीकों को हाथों-हाथ प्रयोग भी करेंगे। यह उन्हें भविष्य के लिए तैयार करेगा और उनके अंदर नवाचार की भावना पैदा करेगा।
- हमारा लक्ष्य है कि विद्यालयों से निकलने वाले बच्चे वैज्ञानिक, इंजीनियर और तकनीकी विशेषज्ञ बनें, जो समाज में बदलाव लाने में सक्षम हों। यह लैब बच्चों को विज्ञान और तकनीकी क्षेत्र में गहरी समझ प्रदान करेंगी, जिससे उनका कॅरिअर संवारने में मदद मिलेगी।
धीरेंद्र यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक
लैब में उपलब्ध सुविधाएं
रोबोटिक्स किट्स, 3डी प्रिंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स, कोडिंग और प्रोग्रामिंग टूल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स किट्स, डिजिटल संसाधन, बच्चों को इंटरनेट, अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का सही उपयोग सिखाया जाएगा, जो उनके तकनीकी ज्ञान को और विस्तृत करेगा।