रजिस्ट्री कार्यालय में जांच करती आयकर विभाग की टीम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद के तहसील जसराना स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में मंगलवार को आगरा से आई आयकर विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ छापा मारा। पूरे दिन कार्यालय में डेरा डालकर जमीनों की रजिस्ट्री से जुड़ी पत्रावलियों और रिकॉर्ड की जांच की। कई संदिग्ध फाइलों में कमियां मिलने पर विभाग उन्हें अपने साथ ले गया है।
आयकर विभाग के इंटेलिजेंस एंड क्रिमिनल इन्वेस्टीगेशन विंग के अधिकारी वरुण गोयल, निरीक्षक संतोष केशरी, शुभम जायसवाल और अधीक्षक राजकुमार की टीम सुबह ही कार्यालय पहुंच गई। टीम ने प्रभारी सब रजिस्ट्रार राजीव कुमार और अन्य कर्मचारियों से घंटों विस्तार से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, जसराना क्षेत्र में जमीनों की खरीद-फरोख्त में बड़े पैमाने पर नकद लेनदेन की शिकायतें मिल रही थीं। विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि रजिस्ट्री के दौरान नियमों का उल्लंघन कर ब्लैक मनी का इस्तेमाल तो नहीं किया गया।
फाइलों में मिलीं कमियां, अधिकारी साथ ले गए रिकॉर्ड
जांच के दौरान टीम ने पिछले कई वर्षों का डेटा और पत्रावलियां तलब कीं। कुछ पत्रावलियों में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं और दस्तावेजों की कमी पाई गई, जिन्हें टीम ने ज़ब्त कर लिया। अधिकारियों ने प्रभारी रजिस्ट्रार को सख्त निर्देश दिए हैं कि भविष्य में प्रत्येक रजिस्ट्री की विस्तृत रिपोर्ट नियमित रूप से आयकर विभाग को भेजी जाए।