फीरोजाबाद (ब्यूरो)। राजस्थान हाईकोर्ट द्वारा जैन धर्म में होने वाली
संथारा प्रथा को आत्मदाह की श्रेणी में रखकर रोक लगाने से जैन समाज में
आक्रोश है। इसके विरोध में सुहागनगरी में आज जैन समाज द्वारा धर्म बचाओ
महाआंदोलन किया जाएगा। मौन जुलूस निकालकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन
सौंपा जाएगा।
संथारा प्रथा पर रोक के विरोध में पूरा जैन समाज सोमवार सुबह से
शांतिपूर्वक महाआंदोलन करेगा। सुबह सात बजे छदामीलाल जैन मंदिरों में
बालयोगी अमित सागर महाराज की धर्मसभा होगी। इसके बाद जैन समाज के सभी लोग
एकत्रित होकर जुलूस के रूप में सुबह आठ बजे निकलेंगे। जुलूस बस स्टैंड,
सेंट्रल चौराहा, सदर बाजार होते हुए चंद्रप्रभु मंदिर पर पहुंचकर संपन्न
होगा। अमित सागर वर्षायोग समिति के अध्यक्ष जितेंद्र जैन मुन्ना ने बताया
कि जुलूस शंातिपूर्वक निकाला जाएगा। किसी भी प्रकार की नारेबाजी नहीं की
जाएगी। नसियाजी मंदिर में जुलूस पहुंचने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन
सौंपा जाएगा। जुलूस में समाज की महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल
होंगे। उन्होंने समाज के लोगों से परिवार सहित इस जुलूस में शामिल होने की
अपील की है।
सफेद-केसरिया रंग में दिखेंगे समाज के लोग
प्राचार्य नरेंद्रप्रकाश जैन ने बताया कि जैन समाज धर्म बचाओ आंदोलन करेगा।
जुलूस में सफेद वस्त्र पहनकर पुरुष और केसरिया वस्त्र में महिलाएं शामिल
होंगी। जुलूस के दौरान कोई नारेबाजी नहीं की जाएगी। जुलूस के बाद समाज के
लोग राजस्थान कोर्ट, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देंगे।
सोशल मीडिया पर जुलूस की बनाई रणनीति
सोशल मीडिया पर पूरे देश का जैन समाज एक नजर आया। व्हाट्सएप, फेसबुक पर
आंदोलन को सफल बनाने के लिए रणनीतियां बनाई गई। सभी जैन संगठनों ने अपने
प्रतिष्ठानों को बंद करने का निर्णय भी लिया।
जैन संगठनो ने की आंदोलन के लिए अपील
धर्म बचाओ आंदोलन समिति के धीरेंद्र जैन, अरुण जैन, सत्येंद्र जैन,
चंद्रप्रकाश जैन ने महाआंदोलन को सफल बनाने की अपील की है। मुनि अमित सागर
वर्षायोग समिति के पदाधिकारियों ने भी प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही।
दिगंबर जैन महासमिति, श्री दिगंबर जैन मित्र मंडल के अध्यक्ष संजीव कांत
जैन ने समाज के लोगों से महाआंदोलन में भाग लेने की अपील की।