फिरोजाबाद। एका थाना क्षेत्र के गांव कल्याण गढ़ी में स्कूल संचालक पुत्र के साथ शराब का अवैध कारोबार कर रहा था। पुलिस ने छापा मारकर स्कूल संचालक और उसके पुत्र सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दो आरोपी भाग खड़े हुए। पुलिस ने चार वाहन भी बरामद किए है। इनका प्रयोग शराब तस्करी के लिए किया जाता था।
एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि गांव कल्याण गढ़ी स्थित एसजेएस इंटर कॉलेज में अवैध शराब का कारोबार किए जाने की सूचना पर थाना एका पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने मौके से स्कूूल संचालक रंजीत, उसके पुत्र दीपू निवासी खेरीएमा थाना एका, भूरे निवासी थरौआ थाना एका को गिरफ्तार किया।
इस दौरान प्रवीण निवासी मोहब्बतपुर थाना निधौलीकलां जनपद एटा हाल निवासी अवागढ़ एटा और प्रमोद यादव निवासी नगला सागर थाना एका भाग खड़े हुए। पूछताछ में आरोपियों नेस्कूल के अंदर बने तहखानों की जानकारी दी, जिसमें शराब छिपाई जाती थी।
पुलिस ने स्कूल से बड़ी मात्रा में शराब, यूरिया की बोरियां, दस लीटर केमिकल के साथ ढक्कन, खाली क्वार्टर, भरे क्वार्टर,फाइटर ब्रांड देशी शराब की दस पेटी, बिना नंबर की कार, तीन बाइक, 44 मुहर के साथ अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया ।
स्कूल संचालक है रंजीत
एसपी देहात डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि एका पुलिस द्वारा पकड़ा गया रंजीत स्कूल संचालक है। स्कूल के अंदर ही एक तहखाना एकांत स्थान पर था। इन तहखानों में शराब की पेटियां और शराब बनाने के उपकरण रखे जाते थे।
प्रधान पद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा फरार अपराधी
पुलिस अधिकारियों की माने तो फरार आरोपी प्रमोद यादव थाना एका क्षेत्र के गांव नगला सागर का रहने वाला है। वह प्रधान पद का चुनाव लड़ने के लिए तैयारी कर रहा है।
माना जा रहा है कि शराब का प्रयोग पंचायत चुनाव के दौरान मतदाताओं को बांटने के लिए किया जाना हो। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।