फिरोजाबाद। सुहागनगरी के निर्यात योग्य कांच एवं हस्तशिल्प उत्पादों को बढ़ावा देने एवं मंदी से उबारने के लिए द मैन्यूफैक्चरर एवं एक्सपोर्ट एसोसिएशन ने ईपीसीएच (एक्सपोर्ट प्रमोशन कॉउंसिल ऑफ इंडिया हैंडीक्रॉफ्ट) से गुहार लगाई है।
एसोसिएशन अध्यक्ष मुकेश बंसल टोनी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित वाणिज्य मंत्रालय के उच्चाधिकारियों की बैठक में भाग लिया। उन्होंने इस दौरान फिरोजाबाद के कांच व हस्तशिल्प निर्यात को मंदी से उबारने के लिए ठोस प्रयास करने की मांग की।
इस दौरान उन्होंने बताया कि करीब 1.5 लाख लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से आजीविका मुहैया कराने वाले निर्यात उद्योग को तत्काल राहत पैकेज की दरकार है। इसी क्रम में एसोसिएशन ने ईपीसीएच को छह सूत्री मांग पत्र भी भेजा है। इसमें निर्यात योग्य कांच उत्पादों के परीक्षण के लिए अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित कराने एवं प्राइवेट प्रयोगशालाओं पर लगने शुल्क में 50प्रतिशत का अनुदान दिलाने की मांग आदि शामिल हैं।