फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में तीन की माैत: डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलटी कार, दंपती समेत मासूम की गई जान; गांव में पसरा मातम

Sun, 15 Feb 2026 10:02 AM IST
अरुन पाराशर संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद

सार

हादसे में जान गंवाने वाले वरुण अपने पिता के इकलौते बेटे थे। बेटे, बहू रचना और डेढ़ वर्षीय नाती की एक साथ मौत की खबर सुनकर पिता राजेंद्र बेसुध हो गए हैं। पूरे गांव में मातम पसर गया।
विज्ञापन
फिरोजाबाद सड़क हादसा। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलट गई। अरांव थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में पति, गर्भवती पत्नी और डेढ़ साल के बेटे की मौत हो गई। कार में सवार महिला की बहन गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान मैनपुरी निवासी वरुण उर्फ शिवम यादव (28), रचना (26) और आर्यन (डेढ़ वर्ष) के रूप में हुई है।
विज्ञापन


मैनपुरी के यदुवंश नगर, भावंत चौराहा निवासी (मूल निवासी बघिरुआ, एलाऊ मैनपुरी) वरुण उर्फ शिवम यादव शुक्रवार को गर्भवती पत्नी रचना और बेटे आर्यन के साथ फिरोजाबाद के नसीरपुर थाना क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल गांव नगला मेघ आए थे। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे उनका पूरा परिवार रचना की बहन मोना (20) के साथ कार से मैनपुरी लौट रहा था।

अरांव थाना क्षेत्र में निन्नूराम कोल्ड स्टोरेज के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची अरांव थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला और जिला अस्पताल, फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने रचना और आर्यन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल वरुण को परिजन निजी अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान देर शाम उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घायल मोना का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
विज्ञापन


 

इकलाैते बेटे की माैत से पिता बेसुध
शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर अरांव थाना क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को मौत की नींद सुला दिया। वरुण व कार में सवार अन्य किसी भी व्यक्ति ने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसका ड्राइवर साइड का पहिया डिवाइडर पर चढ़ गया। चढ़ते ही टायर फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में सड़क पर जाकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और इकलौते बेटे की मौत से पिता राजेंद्र बेसुध हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार कार में सवार वरुण और अन्य लोगों ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी, जिसके चलते कार द्वारा तीन-चार पलटी खाने के दौरान उन्हें जानलेवा चोटें आईं। साथ ही, टक्कर के वक्त कार के एयरबैग भी नहीं खुले। अगर सीट बेल्ट लगा रखी होती और एयरबैग खुल जाते तो शायद कर सवारों की जान बच जाती। कार इतनी रफ्तार में थी कि तीन से चार बार पलटी खाई थी।

 

इंटर की छात्रा मोना गर्भवती बहन की देखभाल के लिए जा रही थी साथ
शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर थाना अरांव क्षेत्र में हुई भीषण कार दुर्घटना ने एक हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह तबाह कर दिया है। हादसे में मारे गए युवा किसान वरुण (28) अपने पिता राजेंद्र के इकलौते बेटे थे। बेटे, बहू रचना और डेढ़ वर्षीय पोते आर्यन की एक साथ मौत की खबर सुनकर पिता राजेंद्र बेसुध हो गए हैं। पूरे गांव में मातम का माहौल है। हादसे में घायल हुई साली मोना (20) इंटर की छात्रा है। वह अपनी गर्भवती बहन रचना की देखभाल करने के लिए ही परिवार के साथ जा रही थी। मोना के पिता राकेश कुमार वन विभाग में रपड़ी ईको टूरिज्म केंद्र पर तैनात हैं। मृतक रचना, राकेश कुमार की छह संतानों (चार बेटे, दो बेटियां) में पांचवें नंबर की थी।

 
विज्ञापन

यदुवंश नगर स्थित मकान में दादा के साथ रहता था वरुण
हादसे में मारे गए वरुण (28) मैनपुरी शहर के यदुवंश नगर स्थित मकान में अपनी पत्नी रचना, डेढ़ वर्षीय बेटे आर्यन और रिटायर्ड शिक्षक दादा कृष्णचंद मास्टर के साथ रहते थे। वरुण के माता-पिता गांव में रहकर खेती-बाड़ी संभालते थे और वरुण खेती में उनका हाथ बंटाता था। रिटायर्ड दादा कृष्णचंद मास्टर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

कार अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल मोना ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है। परिवारवालों को घटना की जानकारी दे दी गई है। -अनिवेश कुमार सिंह, सीओ सिरसागंज


पुलिस की सभी वाहन चालकों से अपील
- गति सीमा का पालन करें, 60 से 80 किमी की रफ्तार में ही चलाएं
- यात्रा पर निकलने से पहले टायरों की स्थिति, ब्रेक और इंजन की जांच अवश्य करें।
- खराब या पुराने टायर तेज गति में फटने का कारण बन सकते हैं।
- लंबी यात्रा के दौरान पर्याप्त नींद लें।
- गाड़ी चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें और न ही किसी भी प्रकार का नशा करें।
- कार में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। यह दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचा सकती है।

ये भी पढ़ें-UP: आगरा मेट्रो निर्माण के दौरान क्रेन गिरी, शराब का ठेका क्षतिग्रस्त; परिवार के लोग बाल-बाल बचे





 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें