होली के त्योहार को 25 दिन का समय शेष है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना उत्तर परिसर में शांति कमेटी की बैठक बुलाई गई। बैठक के दौरान दोनों समुदाय के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
बैठक में कोतवाल उत्तर शशिकांत शर्मा ने नगर के गणमान्य नागरिकों से होली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल जवाब किए। साथ ही ऐसे स्थानों को चिह्नित करने के लिए प्रयास किया गया, जहां होलिका दहन किया जाता है। शहर के गणमान्य नागरिकों ने पुलिस अधिकारियों से मांग करते की कि होली पर ऐसे युवकों पर शिकंजा कसा जाए जो मदिरा सेवन कर तेज गति से बाइक चलाते है।
ऐसे लोगों के खिलाफ शिकंजा कसने के लिए कोतवाल उत्तर ने आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे युवकों को रोकने के लिए नगर के प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति तेज गति से बाइक चलाता है तो उसकी बाइक थाने में जमा करा ली जाएगी। इस पर सभी लोगों ने स्वीकृति प्रदान कर दी। इस दौरान श्याम सिंह यादव, रामनरेश कटारा, अजय अग्रवाल कलई आदि मौजूद रहे।