फिरोजाबाद। बारिश के मौसम में जिले के लोग मच्छर जनित बीमारियों के अलावा वायरल बुखार से भी जूझ रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। निजी चिकित्सकों के यहां भी भीड़ रही। हालांकि जिला अस्पताल में भी वायरल के मरीज आ रहे हैं। मगर मलेरिया के मरीजों की संख्या कम है। क्योंकि यहां मलेरिया की जांच स्लाइड द्वारा की जा रही है।
एक सप्ताह से मौसम में बदलाव आया है। कभी बारिश के बाद तेज धूप व उमस के कारण लोग तेजी से वायरल बुखार की चपेट में आना शुरू हो गए हैं। नमी व तापमान के कारण वायरल का प्रकोप अधिक रहता है। प्राइवेट चिकित्सकों पर मलेरिया की मरीज आ रहे हैं। खास बात यह है वायरल बुखार के उतर जाने के बाद कई दिनों तक शरीर से कमजोरी नहीं जाती। साथ ही घर के एक सदस्य को वायरल बुखार होने पर परिवार के दूसरे लोगों को भी चपेट में आ जाते हैं।
चिकित्सकों की राय
खांसी-जुकाम को नजर अंदाज न करें
बारिश में तापमान में अचानक बदलाव होने की वजह से वायरल सक्रिय हो जाता है और तेजी से फैलता है। उन्होंने बताया कि खांसी और जुकाम के लक्षण होते ही डॉक्टर को जरूर दिखाएं। उन्होंने बताया कि करीब 10-15 दिनों से अस्पताल में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। मलेरिया के मरीज भी आ रहे हैं।
डॉ. नीरज गुप्ता, वरिष्ठ फिजिशियन
- बच्चों में खांसी, बुखार के मरीज सबसे ज्यादा आ रहे हैं। मौसम बदलने पर वायरल सबसे ज्यादा असर डालता है। इसलिए बच्चों को ठंडा पानी न पिलाएं। सफाई का विशेष ध्यान दें। खांसी, जुुकाम होने पर चिकित्सक को जरूर दिखाएं
डॉ. पुरुषोत्तम भाटिया-बाल रोग विशेषज्ञ
इन बातों का ख्याल रखें
- साफ पानी का इस्तेमाल करें और पानी को उबालकर व छानकर पिएं।
- बाहर खुले में बिकने वाले खाने से भी परहेज करना चाहिए।
- सब्जियां अच्छी तरह धुलकर व उबालकर खाना चाहिए।
- मौसम में लगातार बदलाव से सभी को सचेत रहने की जरूरत।
मलेरिया पर अलर्ट -
जलभराव मिलने पर 15 ग्राम पंचायतों को नोटिस
फिरोजाबाद। मलेरिया को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। दो टीमों का गठन कर दिया गया है। यह टीमें शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जलभराव वाले स्थल की सफाई करने के आदेश ग्राम पंचायत अधिकारी को दिए हैं। ताकि मलेरिया का लार्वा न पनप सके। कई स्थानों पर लार्वा के लक्षण मिलने पर ग्राम पंचायत अधिकारी को नोटिस जारी कर उस स्थान की सफाई कराने को कहा है। करीब 15 ग्राम पंचायतों को नोटिस जारी हो चुके है।