फिरोजाबाद। संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए शिक्षा विभाग ने नई रणनीति बनाई है। परिषदीय विद्यालयों में नोडल शिक्षक बनाए जाएंगे, जो बच्चों और अभिभावकों को बीमारियों से बचने के उपाए बताएंगे। जनपद के करीब 1860 परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों को स्वास्थ्य नोडल नामित किया जाएगा। इसके लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक गनेश कुमार ने बीएसए अरविंद पाठक को पत्र भेजा है।
संयुक्त शिक्षा निदेशक गनेश कुमार ने पत्र के माध्यम से बताया कि विद्यालयों में तैनात शिक्षकों में से एक शिक्षक को नोडल बनाया जाएगा। ये शिक्षक बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को भी संचारी रोगों की रोकथाम की जानकारी देंगे। स्कूल स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएंगे और इस ग्रुप में शिक्षकों के साथ अभिभावकों को जोड़ा जाएगा। उन्हें ऑडियो और वीडियो के माध्यम से संचारी रोगों से बचाव की जानकारी दी जाएगी। अभिभावकों को बताया जाएगा कि किस प्रकार साफ-सफाई कर बच्चों के साथ परिवार को बीमारियों से बचाया जा सकता है।
परिषदीय विद्यालयों में नामित स्वास्थ्य नोडल शिक्षकों की सूची प्रदेश स्तर पर भेजी जाएगी। इसकी राज्य स्तर पर डायरेक्ट्री तैयार की जाएगी। इस मौसम में संक्रामक रोग फैलते हैं। यदि लोग जागरूक होंगे तो सावधानी भी बरतेंगे।
डा. अरविंद पाठक, बीएसए