फिरोजाबाद। कोरोना टीकाकरण का तीसरा चरण चार मार्च को शुरू होगा। जिले में 50 साल से अधिक आयु के तीन लाख 32 हजार 272 वृद्धजनों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। बुजुर्गों का डाटा पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है।
चार मार्च को स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी डोज लगेगी। इसी दिन ट्रायल के रूप में 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीकाकरण कराया जाएगा। टीका लगवाने के लिए बुजुर्गों को कहीं दूर भटकना नहीं पड़ेगा। 190 स्थानों पर कोरोना का टीकाकरण कराया जाएगा। इसमें सभी सीएचसी, पीएचसी और न्यू पीएचसी पर टीकाकरण कराने के लिए चिह्नित किया है। प्राइवेट अस्पतालों को भी टीकाकरण केंद्र बनाया जाएगा। कोरोना संक्रमण बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने 50 साल से अधिक उम्र के शुगर, हृदय, बीपी संबंधित रोगियों का दस्तक अभियान चलाकर डाटा जुटाया था। अब सूची को प्राथमिकता के आधार पर डाटा अपलोड कराया जा रहा है।
क्या कहते हैं अधिकारी
चार मार्च से बुजुर्गों को वैक्सीन लगाई जाएगी। पहले दो दिन ट्रायल के रूप में रहेंगे। अन्य दिनों की तिथि शासन से निर्धारित होगी। यह चरण बहुत बड़ा है। इसलिए केंद्रों की संख्या भी अधिक की जा रही है। निजी अस्पतालों की मदद भी टीकाकरण में ली जाएगी। -डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ, सीएमओ।
18 निजी अस्पताल भी बनाए गए टीकाकरण केंद्र
फिरोजाबाद। टीकाकरण के लिए तीसरा चरण स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती पूर्ण रहेगा। बुजुर्गों की संख्या अधिक होने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने 190 केंद्र बनाए हैं। वहीं, 18 निजी अस्पतालों को भी टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। इसमें मुख्य स्टाफ स्वास्थ्य विभाग लगाएगा। सपोर्टिंग स्टाफ के तौर पर निजी अस्पतालों के स्टाफ की मदद ली जाएगी।